×

चंदौली में अनोखी पहल! दादी की याद में मृत्यु भोज का बहिष्कार, गरीब बच्चों को बांटी शैक्षिक सामग्री

चंदौली में अनोखी पहल! दादी की याद में मृत्यु भोज का बहिष्कार, गरीब बच्चों को बांटी शैक्षिक सामग्री

चंदौली। धानापुर ब्लॉक के अहिकौरा गांव में समाजसेवी अमित मौर्य ने अपनी दादी तेरसी देवी के निधन के बाद सामाजिक बदलाव की दिशा में एक पहल की। उन्होंने पारंपरिक मृत्यु भोज का आयोजन न कर शोकसभा के दौरान गरीब स्कूली बच्चों को कॉपी, पेन और बैग वितरित किए। साथ ही कार्यक्रम में शामिल मेहमानों को पौधे भी भेंट किए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

अमित मौर्य ने बताया कि दादी तेरसी देवी की स्मृति को सार्थक बनाने के उद्देश्य से मृत्यु भोज के बजाय जरूरतमंद बच्चों की मदद और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

इस पहल में तेरसी देवी के बेटे धर्मदेव मौर्य, रामप्रवेश मौर्य, जयप्रकाश मौर्य और विजय मौर्य ने भी मृत्यु भोज नहीं करने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और अन्य लोग शामिल हुए। इस दौरान हजारों लोगों ने मृत्यु भोज जैसी परंपरा से दूरी बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सत्येंद्र मौर्य ने मृत्यु भोज को फिजूलखर्ची बताते हुए कहा कि शोक की घड़ी में भोज के बजाय जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक हित के कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराओं में बदलाव समाज के लोगों की पहल से ही संभव है।

शोकसभा में शामिल अतिथियों के लिए खीर भी परोसी गई। कार्यक्रम में डॉ. काशीनाथ कुशवाहा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। दादी की स्मृति में आयोजित इस पहल में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देखने को मिला।

Share this story