एक हफ्ते में दूसरी बार जला ट्रांसफार्मर, अंधेरे में डूबा जलालपुर गांव, ग्रामीणों ने 63 KVA ट्रांसफार्मर की उठाई मांग
चंदौली/ सकलडीहा। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के जलालपुर (खड़ेहरा) गांव में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार ट्रांसफार्मर जल जाने से पूरा गांव अंधेरे में डूब गया है। बिजली आपूर्ति ठप होने से धान की नर्सरी, पशुपालन और घरेलू कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल 63 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।
ग्रामीण प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था। जूनियर इंजीनियर (जेई) के निर्देश पर गुरुवार सुबह बिजली आपूर्ति शुरू की गई, लेकिन महज तीन घंटे बाद ही ट्रांसफार्मर से धुआं निकलने लगा और वह जल गया। इससे गांव में फिर से बिजली संकट गहरा गया।
ग्रामीण मनीष यादव के अनुसार, गांव में फिलहाल 25 KVA का ट्रांसफार्मर लगा है, जबकि करीब 20 उपभोक्ताओं के पास 2 किलोवाट और 15 उपभोक्ताओं के पास 1 किलोवाट के बिजली कनेक्शन हैं। बढ़े हुए लोड के कारण लगातार लो वोल्टेज, फ्यूज उड़ने और ट्रांसफार्मर जलने जैसी समस्याएं बनी रहती हैं। उन्होंने गांव की जरूरतों को देखते हुए 25 KVA की जगह 63 KVA क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश यादव ने आरोप लगाया कि संबंधित जेई ग्रामीणों के फोन तक नहीं उठाते, जिससे शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र 63 KVA का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे सकलडीहा पावर हाउस पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर प्रांजल यादव, अजीत कुमार, रामधारी यादव, रणजीत, मनजीत, आशुतोष, सौरभ, कुणाल, संदीप, शिवम, प्रिंस सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
