×

बिजली तार चोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए तीन लोग, पुलिस ने दर्ज किया केस

बिजली तार चोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए तीन लोग, पुलिस ने दर्ज किया केस

धानापुर क्षेत्र में दिनदहाड़े बिजली विभाग की कार्रवाई, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के अधिकारियों ने 33000 वोल्ट के बिजली तार चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। आरोप है कि तीनों दिनदहाड़े खड़ान नहर के पास बिजली के तार काट रहे थे। मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

जानकारी के अनुसार, अवर अभियंता ओमप्रकाश गौतम को मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ लोग खड़ान नहर के पास बिजली के तार काट रहे हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने उपखंड अधिकारी सुधीर कुमार को जानकारी दी। इसके बाद दोनों मौके पर पहुंचे, जहां विकास बिंद पुत्र श्री निवास, निवासी महराई बिंदपुरवा को कथित तौर पर बिजली के तार काटते हुए पकड़ लिया गया।

पूछताछ के दौरान विकास ने अपने साथ दो अन्य लोगों के होने की जानकारी दी। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने दोनों अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया। घटना की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी गई और तीनों को धानापुर थाने लाया गया। मौके से UP67AE0110 नंबर की एक मोटरसाइकिल भी मिली।

घटना के संबंध में अवर अभियंता ओमप्रकाश गौतम ने धानापुर थाने में लिखित तहरीर दी। तहरीर में बिजली विभाग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और बिजली के तार चोरी करने के आरोप में तीनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

धानापुर पुलिस ने जेई की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी एसपी मिश्रा के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 और 62 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share this story