धानापुर में चोरों का तांडव, लगातार हो रहीं वारदातें, पुलिस के हाथ अब भी खाली
चंदौली। जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। घरों, दुकानों और मंदिरों तक को निशाना बना रहे चोरों के सामने पुलिस की कार्रवाई अब तक बेअसर नजर आ रही है। क्षेत्र में हुई कई बड़ी चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई है। इससे लोगों में नाराजगी के साथ असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आवाजापुर निवासी मलंग सिंह और बिरना गांव के भानु प्रताप मौर्य के घर हुई चोरी का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं, छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह की बाइक भी दिनदहाड़े चोरी हो गई थी। घटना के चार दिन बाद तक बाइक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
चोरी की घटनाओं का सिलसिला यहीं नहीं थमा। सोमवार की रात चोरों ने रमरजाय चट्टी स्थित अंग्रेजी शराब एवं बीयर की कंपोजिट दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद के साथ अंग्रेजी शराब एवं बीयर की बोतलें लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इससे पहले नरौली गांव में एक ही इलाके में तीन स्थानों पर चोरी की घटनाएं हुई थीं। आवाजापुर में एक घर से 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया था। बिरना गांव में हुई चोरी की घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थीं, इसके बावजूद आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी।
वहीं, धानापुर ब्लॉक के समीप स्थित हनुमान मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट और अन्य मंदिरों से चांदी की आंखें चोरी होने की घटनाओं का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि, कुछ महीने पहले धानापुर पुलिस ने चोरी के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से इनवर्टर, बैटरी और अन्य सामान बरामद किया था, लेकिन क्षेत्र में लगातार सामने आ रही नई घटनाओं से चोरी पर अंकुश लगाने की पुलिस की कोशिशों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले में क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही थी। हालांकि, उनके आश्वासन के कई दिन बीतने के बाद भी न तो चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है और न ही चोरी गए सामान की बरामदगी हो सकी है। ऐसे में स्थानीय लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं।
