×

चंदौली में खाद की नहीं होगी किल्लत, खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध, अफवाहों से बचने की अपील

चंदौली में खरीफ सीजन 2026 के लिए यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने किसानों से अफवाहों से बचने, अधिकृत केंद्रों से खाद खरीदने और किसी भी समस्या पर हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की।

चंदौली। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए कृषि विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि जनपद में धान सहित खरीफ फसलों की बुवाई के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत बिक्री केंद्रों से ही खाद खरीदने की अपील की है।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन में जनपद में 1.22 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में फसलों की बुवाई का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 1.05 लाख हेक्टेयर में धान की खेती प्रस्तावित है। इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में जिले में 17,660 मीट्रिक टन यूरिया, 5,602 मीट्रिक टन डीएपी, 13,962 मीट्रिक टन एसएसपी, 4,258 मीट्रिक टन एनपीके और 427 मीट्रिक टन एमओपी उपलब्ध है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिकांश उर्वरकों का स्टॉक अधिक है। इसके अलावा एक सप्ताह के भीतर 4,200 मीट्रिक टन यूरिया और 300 मीट्रिक टन डीएपी की अतिरिक्त खेप भी जिले में पहुंच जाएगी। इफको की 1,600 मीट्रिक टन डीएपी की रैक भी प्राप्त हो चुकी है, जिसमें से 660 मीट्रिक टन विभिन्न समितियों को भेजी जा चुकी है।

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से कहा कि वे अपनी खतौनी के आधार पर पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर नियमानुसार उर्वरक खरीदें। साथ ही सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर केवल आवश्यक उर्वरक ही उपलब्ध कराएं। यदि किसी विक्रेता द्वारा जबरन अन्य उत्पाद बेचे जाने या अनियमितता की शिकायत सही पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने उर्वरक विक्रेताओं को स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर, लाइसेंस और रेट बोर्ड अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

किसानों की सुविधा के लिए कृषि विभाग ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। उर्वरक से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच 7839882312 और 8318181081 पर संपर्क कर सकते हैं।

Share this story