×

सकलडीहा में चोरी के मामले का खुलासा, चांदी के कड़े और चार हजार रुपये के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

सकलडीहा में चोरी के मामले का खुलासा, चांदी के कड़े और चार हजार रुपये के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के जलालपुर दरियापुर गांव में घर से चांदी के कड़े और नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए एक जोड़ी चांदी के कड़े और चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दरियापुर गांव निवासी विकाश कुमार उर्फ छोटू उर्फ छोटकन (28) पुत्र सियाराम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, जलालपुर दरियापुर निवासी जयशंकर यादव पुत्र स्वर्गीय बचाऊ राम यादव ने 28 अक्टूबर 2026 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि दोपहर करीब तीन बजे अज्ञात चोर घर की छत के रास्ते अंदर घुसा और आलमारी में रखे एक जोड़ी चांदी के कड़े तथा पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर सकलडीहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0211/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(3) में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की विवेचना कर रही थी। इस दौरान जुटाए गए इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर विकाश कुमार उर्फ छोटू उर्फ छोटकन का नाम प्रकाश में आया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे घरचित नहर मोड़ के पास से सुबह करीब 8:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के एक जोड़ी चांदी के कड़े और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 से 2021 के बीच चोरी, नकबजनी, चोरी का माल रखने, गुंडा अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में सकलडीहा थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में बरामदगी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र प्रसाद रावत, उपनिरीक्षक विजयशंकर चौहान, कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती और कांस्टेबल प्रश्विन कुमार दूबे शामिल रहे।

Share this story