×

चंदौली में कथाओं का सिलसिला जारी, अब माधोपुर में जुटेंगे भागवत कथा के श्रद्धालु

चंदौली में कथाओं का सिलसिला जारी, अब माधोपुर में जुटेंगे भागवत कथा के श्रद्धालु

चंदौली। उत्तर प्रदेश में इन दिनों धार्मिक कथाओं और बड़े आयोजनों का दौर जारी है। कुंडा और धानापुर के बाद अब चंदौली के माधोपुर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अपने पिता स्व. रामअवध सिंह की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर इस आयोजन को करा रहे हैं। कथा का आयोजन 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक प्रस्तावित है। अंतरराष्ट्रीय कथा प्रवक्ता पं. गौरांगी गौरी जी श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगी।

आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। अनुमान लगाया जा रहा है कि सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में लाखों की संख्या में लोग शामिल हो सकते हैं। इसके मद्देनजर आयोजन को भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।

माधोपुर में होने जा रही इस कथा को लेकर जिले के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसकी एक वजह हाल ही में धानापुर में भाजपा विधायक सुशील सिंह की ओर से आयोजित राजन जी महाराज की विशाल कथा को भी माना जा रहा है। धानापुर में हुए धार्मिक आयोजन के बाद अब पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू की ओर से भागवत कथा कराए जाने को राजनीतिक दृष्टिकोण से भी देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि धानापुर में आयोजित कथा को लेकर मनोज सिंह डब्लू ने विधायक सुशील सिंह पर निशाना साधा था। ऐसे में माधोपुर में होने वाले उनके आयोजन को लेकर राजनीतिक चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है। हालांकि, मनोज सिंह डब्लू ने आयोजन को राजनीति से जोड़ने की चर्चाओं को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह उनके पिता की स्मृति और श्रद्धांजलि से जुड़ा है।

पूर्व विधायक का कहना है कि उनके पिता स्व. रामअवध सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है। इसमें राजनीति का कोई उद्देश्य नहीं है। यह धार्मिक और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ा कार्यक्रम है।

फिलहाल, माधोपुर में होने वाली इस भागवत कथा को लेकर श्रद्धालुओं के साथ-साथ जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी उत्सुकता बनी हुई है। अब आयोजन की तैयारियों और श्रद्धालुओं की भागीदारी पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Share this story