चंदौली के बनरसिया गांव की बदहाली का मुद्दा DM तक पहुंचा, ग्रामीणों ने सौंपा मांगपत्र
चंदौली। शहाबगंज विकासखंड के बनरसिया गांव में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मामला अब जिला प्रशासन तक पहुंच गया है। सोमवार को गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मुलाकात कर गांव की समस्याओं से अवगत कराया और सड़क, नाली, स्वास्थ्य सुविधा समेत विभिन्न मांगों को लेकर पत्रक सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई वर्षों से अपेक्षित विकास कार्य नहीं होने के कारण लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान रास्तों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ ही ग्रामीणों को काफी दिक्कतें होती हैं।
ग्रामीणों ने बनरसिया गांव में अस्पताल अथवा स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने, नालियों का निर्माण कराने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा जरूरत वाले स्थानों पर नए मार्गों का निर्माण कराने की मांग रखी। उनका कहना था कि लंबे समय से समस्याएं बनी होने के बावजूद अब तक किसी बड़े अधिकारी ने गांव में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं की जानकारी नहीं ली।
ग्रामीणों ने प्रशासन की ओर से गांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनने और मौके पर ही संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की भी मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि स्थलीय निरीक्षण होने से गांव की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जा सकेगा।
ग्रामीणों का पत्रक लेने के बाद जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को गांव भेजकर समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने सड़क की मरम्मत और आवश्यकता के अनुसार निर्माण कार्य कराने के लिए कार्रवाई का भरोसा भी दिया।
इस दौरान कृष्णानंद पांडेय, कार्तिकेय पांडेय, कमलेश पांडेय, सर्वजीत यादव, धनंजय तिवारी, कमलेश शर्मा, उमाकांत पांडेय, वासुदेव राम, निधि पांडेय, सोनू पांडेय, रामदुलार, शंकर, संतलाल, दयाराम और राजू राम समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
