मुलायम सिंह यादव के विचारों और संघर्षों को हमेशा याद रखेगा देश: मनोज सिंह डब्लू
चंदौली। धानापुर क्षेत्र के माधोपुर स्थित पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू के आवास पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में उनके राजनीतिक संघर्ष, समाजवादी विचारधारा और देश के प्रति योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रामजन्म सिंह यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का राजनीतिक जीवन जनसेवा और संघर्ष का प्रतीक रहा है। रक्षा मंत्री के रूप में भी उन्होंने देश और सेना के हित में महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने भारतीय सेना को मजबूत करने के साथ ही शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके घर तक पहुंचाने और अंतिम संस्कार की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की पहल की थी। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन सामाजिक न्याय, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उनके विचार और योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
पूर्व विधायक ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने क्षेत्र में सेना भर्ती कराने का प्रयास किया था, लेकिन मौजूदा सरकार ने जिले की जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर चंदौली में सेना भर्ती कराई जाएगी।
उन्होंने माधोपुर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को नौबतपुर स्थानांतरित किए जाने और राजकीय कॉलेज की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की हालत खराब है और भाजपा सरकार में विकास के नाम पर कोई ठोस काम नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव ने पांच दशक से अधिक समय तक उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने वर्ष 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की और तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। डॉ. राममनोहर लोहिया के समाजवादी विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने किसानों, मजदूरों, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यकों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की दिशा में काम किया।
कार्यक्रम में रामजन्म यादव, आतिफ खान जिद्दी, रमेश यादव, राजीव यादव, ऋषि पाल, पप्पू यादव, कृष्णा यादव, महेंद्र यादव, दयाराम यादव, रामदुलार कन्नौजिया, सोनू सिंह, लालमनी पाल, दिनेश यादव, अवधेश राय, रुदल यादव और बिहारी बिंद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
