×

सैयदराजा पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, जेवरात व नकदी सहित आरोपी गिरफ्तार

सैयदराजा पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, जेवरात व नकदी सहित आरोपी गिरफ्तार

चन्दौली। थाना सैयदराजा पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी गए जेवरात एवं नगदी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को ग्राम ढेढ़वा निवासी रामगणेश पाण्डेय ने थाना सैयदराजा में तहरीर देकर बताया था कि देर रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए और बहू की अलमारी तथा पत्नी का बक्सा तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए। मामले में थाना सैयदराजा पर मुकदमा संख्या 151/2026, धारा 305(ए) एवं 331(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए लगातार प्रयास किए। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर बुधवार तड़के चौकी धरौली क्षेत्र के नरहनकला बाजार के पास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक खरवार पुत्र दीना खरवार निवासी ग्राम ऐलही, थाना सैयदराजा, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी गए सामान में तीन जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी कान के टप्स, एक नाक का कील, दो जोड़ी पायल तथा 500 रुपये नगद बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है। उसके विरुद्ध पूर्व में गोवध निवारण अधिनियम के तहत थाना सैयदराजा में मुकदमा दर्ज है।

बरामद सामान

  • तीन जोड़ी बिछिया (सफेद धातु)
  • एक जोड़ी कान के टप्स (पीली धातु)
  • एक नाक का कील (पीली धातु)
  • दो जोड़ी पायल (सफेद धातु)
  • 500 रुपये नगद

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी

  • अशोक कुमार मिश्र, थानाध्यक्ष सैयदराजा
  • उपनिरीक्षक मारकण्डेय सिंह, चौकी प्रभारी धरौली
  • कांस्टेबल अनिल यादव
  • कांस्टेबल अभिषेक मिश्रा

Share this story