भीषण गर्मी में बिजली संकट से बेहाल सैयदराजा, विधायक सुशील सिंह ने ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र
विधायक ने पत्र में कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में क्षेत्र की जनता को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। रात के समय घंटों बिजली गुल रहने से छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर ट्रांसफार्मर क्षमता से अधिक लोड झेल रहे हैं, जिससे आए दिन खराबी की समस्या सामने आ रही है। साथ ही जर्जर बिजली तार और केबल जलने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं।

क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। वर्तमान में उपभोक्ताओं को केवल 12 से 13 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जबकि सरकार द्वारा बेहतर विद्युत आपूर्ति के दावे किए जा रहे हैं। लगातार बिजली कटौती से किसानों, व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट के चलते पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित होने लगी है।
विधायक सुशील सिंह ने ऊर्जा मंत्री से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर खराब ट्रांसफार्मरों को बदला जाए, जर्जर तारों और केबलों को दुरुस्त कराया जाए तथा क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। क्षेत्रीय जनता को अब उम्मीद है कि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकेगी।
