सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात
चन्दौली। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw से मुलाकात कर जनपद चन्दौली एवं अपने विधानसभा क्षेत्र की रेल समस्याओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
विधायक सुशील सिंह ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से रेलवे सुविधाओं के विस्तार की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि कई छोटे स्टेशनों पर मूलभूत यात्री सुविधाओं का अभाव है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मुलाकात के दौरान विधायक ने क्षेत्रीय रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में वृद्धि, महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव, रेलवे रिजर्वेशन काउंटर खोलने, धीना रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण, प्लेटफार्म विस्तार तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग रखी। इसके अलावा यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने पर भी जोर दिया।
विधायक सुशील सिंह ने कहा कि यदि इन मांगों को स्वीकृति मिलती है तो क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और जनपद चन्दौली के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
