×

चंदौली के स्कूलों में अब औचक निरीक्षण, बिना सूचना पहुंचेंगी अधिकारियों की टीमें

Chandauli News, Chandauli School News, Chandauli Education News, District Education Monitoring Committee, Chandauli Basic Education, School Inspection Chandauli, Surprise School Inspection, Operation Kayakalp, MDM Quality, DBT Scholarship, Kasturba Gandhi Balika Vidyalaya, Chandauli CDO, Chand Mohan Garg, R Jagat Sai, Basic Education Department, Uttar Pradesh Education News

चंदौली। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की निगरानी अब और सख्त होगी। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं, विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अब विशेष टीमें बिना किसी पूर्व सूचना के दूर-दराज के विद्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों और अनियमितताओं की रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।

बैठक में विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, मध्याह्न भोजन (MDM) की गुणवत्ता बनाए रखने और ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बचे हुए मूलभूत अवस्थापना कार्यों को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया गया। वहीं DBT के माध्यम से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं ड्रेस की राशि हस्तांतरित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने और सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि छात्राओं को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

सीडीओ ने कहा कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा का स्तर बेहतर किया जाना शासन की प्राथमिकता है। शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने या अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जिले में संचालित शिक्षा संबंधी योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त अपर पंचायत राज अधिकारी और जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य मौजूद रहे।

Share this story