धानापुर। साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से धानापुर साइबर थाना पुलिस की ओर से क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत धानापुर कस्बे के साथ ही गुरुकुलम, स्टडी प्वाइंट कोचिंग, अमर वीर इंटर कॉलेज, सरकारी विद्यालयों और कंप्यूटर संस्थानों में विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया।
साइबर क्राइम टीम के दीवान सूर्य प्रवीण सिंह और महिला सिपाही रंजना ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी, फर्जी लिंक, ऑनलाइन प्रलोभन, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर की जाने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील की।
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों को डर, लालच और झूठे प्रलोभन के जरिए अपने जाल में फंसाते हैं। साइबर ठग कभी बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी, रिश्तेदार या किसी प्रतिष्ठित संस्था का कर्मचारी बनकर लोगों से संपर्क करते हैं। ऐसे मामलों में किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचना चाहिए।
दीवान सूर्य प्रवीण सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि साइबर अपराध होने पर घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें और नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने और अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिल सकती है।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी ली और पुलिसकर्मियों से ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े सवाल भी पूछे।
