×

नए आपराधिक कानूनों पर छात्रों को मिली जानकारी, मानव विकास एवं कल्याण संस्था की पहल पर आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

नए आपराधिक कानूनों पर छात्रों को मिली जानकारी, मानव विकास एवं कल्याण संस्था की पहल पर आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

चंदौली। मानव विकास एवं कल्याण संस्था के तत्वाधान में एम.डी. नर्सिंग, पैरामेडिकल एवं फार्मेसी कॉलेज में मंगलवार को नए आपराधिक कानूनों - भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) - के संबंध में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में कानूनी साक्षरता बढ़ाना और उन्हें देश में लागू हुए नए कानूनों की जानकारी देना था। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

चंदौली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्राइम इंस्पेक्टर दुर्गेश यादव, इंस्पेक्टर रामजीत यादव तथा क़स्बा चौकी प्रभारी देवेंद्र बहादुर सिंह शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को नए कानूनों की प्रमुख धाराओं, उनके उद्देश्य और पुराने कानूनों - IPC, CrPC और Indian Evidence Act - से अंतर के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि देश में लंबे समय से अंग्रेज़ी शासनकाल में बने कानूनों के तहत न्यायिक प्रक्रिया चल रही थी, जिनमें समयानुसार सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने BNS, BNSS और BSA को लागू किया है, ताकि न्याय प्रणाली अधिक पारदर्शी, त्वरित और जनहितकारी बन सके।

कॉलेज के चेयरमैन डॉ. बी. के. वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को कानून की गहराई समझने में मदद करते हैं और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे इस ज्ञान को समाज में भी साझा करें।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने नए कानूनों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक उत्तर दिया। इसके साथ ही छात्रों को महिला हेल्पलाइन, साइबर हेल्पलाइन और अन्य सुरक्षा नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर फार्मेसी प्रिंसिपल अजीत कुमार सिंह, नर्सिंग प्रिंसिपल यमन कुमार सिंह, तथा सहायक प्रोफेसर अमित कुमार, याशमीन खान, प्रतिमा सरकार, लक्ष्मी, रोहित, धर्मेंद्र, विनीता, खुशबू, सुशील, रिंकू, दिलीप, अभिषेक, अनुष्का, दिव्या सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share this story