×

GIC विवाद में फिर भड़का छात्रों का गुस्सा, डीएम से न्याय की मांग

GIC विवाद में फिर भड़का छात्रों का गुस्सा, डीएम से न्याय की मांग

चंदौली/चकिया। चकिया स्थित आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) में छात्रों से जुड़े विवाद का मामला एक बार फिर तूल पकड़ता नजर आ रहा है। कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद करीब 22 दिन बीतने के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से नाराज छात्र और अभिभावक गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।

छात्रों और अभिभावकों ने कॉलेज के प्रधानाचार्य पर छात्रों के मानसिक उत्पीड़न, मारपीट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी एक छात्र को सार्वजनिक मंच पर उठक-बैठक कराई गई। इसके अलावा एक पीड़ित छात्र के पिता ने भी प्रधानाचार्य पर अपने पुत्र के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।

छात्रों का कहना है कि पूर्व में प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 22 दिन बीत जाने के बाद भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने प्रधानाचार्य के निलंबन और पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। साथ ही प्रशासन को 48 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 15 सितंबर को Gen-Z और Gen-Alpha आंदोलन किया जाएगा। छात्रों का कहना है कि वे न्याय मिलने तक अपनी आवाज उठाते रहेंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

मामले को लेकर छात्रों और अभिभावकों में बढ़ते आक्रोश के बीच अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। वहीं, प्रधानाचार्य की ओर से लगाए गए आरोपों पर तत्काल पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जा सकता है।

GIC विवाद में फिर भड़का छात्रों का गुस्सा, डीएम से न्याय की मांग

Share this story