चंदौली में छात्रवृत्ति को लेकर सख्ती, हजारों लंबित आवेदनों के निस्तारण के निर्देश
चंदौली। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ दिलाने के लिए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रत्नेश सिंह ने जनपद के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को लंबित आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन कर उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर अग्रसारित करने के निर्देश दिए हैं।
निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशों के क्रम में जारी निर्देशों में नोडल अधिकारियों, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा उच्च, तकनीकी, चिकित्सा, प्राविधिक एवं व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों और प्रधानाचार्यों से लंबित आवेदनों के निस्तारण में तेजी लाने को कहा गया है।
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कक्षा 9 और 10 के छात्र-छात्राओं के आवेदनों को अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, कक्षा 11-12 को छोड़कर अन्य दशमोत्तर कक्षाओं के आवेदनों के लिए 25 अक्टूबर 2026 तक की समय-सीमा तय की गई है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जनपद में छात्रवृत्ति आवेदनों की बड़ी संख्या अभी संस्थानों के स्तर पर लंबित है। इनमें कक्षा 9-10 के 5,471, कक्षा 11-12 के 5,472 और उच्च शिक्षा एवं अन्य समकक्ष पाठ्यक्रमों के 14,260 आवेदन शामिल हैं। इस प्रकार कुल 25,203 आवेदन लंबित हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने संबंधित संस्थानों को निर्देशित किया है कि वे प्राथमिकता के आधार पर आवेदनों की जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोर्टल पर डेटा फाइनल सबमिट करें तथा पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन समय से अग्रसारित करें। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संस्थानों के स्तर पर देरी के कारण कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
