चंदौली में राज्य महिला आयोग की सदस्य ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
चंदौली में राज्य महिला आयोग की सदस्य ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बुधवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) गेस्ट हाउस में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं एवं बालिकाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें आयोग के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा तथा भूमि एवं संपत्ति विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
जनसुनवाई से पूर्व सुनीता श्रीवास्तव ने सिकरी गांव का भ्रमण कर जन चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण से संबंधित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए तथा शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, क्षेत्राधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रत्नेश सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
