चंदौली पहुंचे राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, घायल सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल का जाना हाल
मीडिया से बातचीत में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी महिला के साथ हिंसा या दुर्व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की बात करती है, लेकिन एक पटेल समाज की महिला नेता पर हमला होना गंभीर विषय है।
राज्य मंत्री ने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान मंत्री से उन तस्वीरों को लेकर भी सवाल पूछा गया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं और जिनमें उनका नाम कुछ कथित आरोपियों के साथ जोड़ा जा रहा है। इस पर मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि वह उनके घर एक सामाजिक कार्यक्रम में गए थे और वहां उनका सम्मान किया गया था। उन्होंने कहा कि किसी के साथ फोटो होने का मतलब यह नहीं है कि उसके किसी कथित कृत्य का समर्थन किया गया हो।
हमीरपुर में पुल टूटने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि यह एक प्राकृतिक आपदा से जुड़ी घटना थी। वहीं उन्होंने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का माहौल था।
राज्य मंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंच रहा है, जिसका समर्थन आगामी चुनावों में भी दिखाई देगा।
राजनीतिक हलकों में मंत्री के इस दौरे और उनके बयानों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
