×

चंदौली पहुंचे सपा अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यास जी गोंड, शिक्षा, रोजगार और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

चंदौली में समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यास जी गोंड ने प्रेस वार्ता कर शिक्षा, रोजगार, किसानों की समस्याओं और भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर सरकार को घेरा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी की रणनीति साझा की।

चंदौली। समाजवादी पार्टी कार्यालय में शनिवार को समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यास जी गोंड के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए शिक्षा, रोजगार, किसानों की समस्याओं तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की प्राथमिकताओं को सामने रखा।

प्रेस वार्ता में व्यास जी गोंड ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि नए स्कूलों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि खेती के मौजूदा सीजन में किसानों को डीएपी, पोटाश, सल्फर और अन्य उर्वरकों की उपलब्धता में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप था कि सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने में विफल रही है।

उन्होंने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि खेती के मौजूदा सीजन में किसानों को डीएपी, पोटाश, सल्फर और अन्य उर्वरकों की उपलब्धता में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप था कि सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने में विफल रही है।

युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त सरकारी भर्तियां नहीं निकाली जा रही हैं, जिससे पढ़े-लिखे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार उपलब्ध कराने के बजाय केवल घोषणाएं कर रही है।

प्रेस वार्ता के दौरान व्यास जी गोंड ने भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मंत्री ओम प्रकाश राजभर के पूर्व के बयानों का उल्लेख करते हुए उनकी आलोचना की। साथ ही मंत्री रविंद्र जायसवाल द्वारा कथित रूप से प्रयोग किए गए "ससुरा" शब्द पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं को मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी मजबूती के साथ जुटी है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों के प्रमाण पत्र बनवाने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, निरंजन कनौजिया, मुसाफिर चौहान, बाबूलाल यादव, टोनी खरवार, चंद्रशेखर यादव, राजा खान, छोटू तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this story