×

सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में तीखी नोकझोंक! पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजा विपक्ष

Chandauli News: पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हुई नोकझोंक! जिला मुख्यालय पर गरजे कार्यकर्ता
चंदौली में समाजवादी पार्टी ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन... पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक, माहौल गरमाया...

 

 

चंदौली। जनहित से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया।

धरने में शामिल नेताओं ने स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली बिल, गंगा कटान, नहरों में पानी की उपलब्धता और जल जीवन मिशन कर्मियों के मानदेय जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी कर रही है, जिसके कारण किसानों और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने कहा कि गंगा कटान से प्रभावित परिवारों को अब तक पर्याप्त राहत नहीं मिली है। वहीं, किसानों को सिंचाई के लिए समय पर पानी नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने स्मार्ट मीटर और बिजली बिल के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शन के बीच पुलिस और कुछ कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प और बहस की स्थिति बनी, हालांकि बाद में वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया।

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Share this story