×

चंदौली में किसानों के मुद्दे पर गरजे सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, डीएम को सौंपा ज्ञापन

चंदौली में किसानों के मुद्दे पर गरजे सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, डीएम को सौंपा ज्ञापन
चंदौली कलेक्ट्रेट पहुंचे सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, किसानों की समस्याओं पर प्रशासन को घेरा

 

चंदौली। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह गुरुवार को सपा प्रतिनिधिमंडल के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।

सपा सांसद ने कहा कि आगामी 19 जुलाई को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में जो भी निर्णय लिया जाएगा, सभी सहयोगी दल उसी रणनीति के तहत आगे बढ़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की रीढ़ हमेशा मजबूत रही है, न कभी झुकी है और न आगे झुकेगी।

कांग्रेस नेता इमरान मसूद के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें विपक्षी गठबंधन में फूट डालने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे। वहीं, सपा नेता आज़म खान के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी उनके साथ खड़ी थी, आज भी है और भविष्य में भी रहेगी।

वाराणसी कॉरिडोर के संबंध में पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन यदि वंचित और कमजोर वर्गों की उपेक्षा कर विकास किया जाए तो वह अधूरा माना जाएगा।

किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में नहरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। बिजली की बदहाल व्यवस्था और लो वोल्टेज के कारण किसानों के निजी नलकूप भी संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मनाशा और चंद्रप्रभा नदी से जुड़ी सिंचाई योजनाएं प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो रही हैं तथा नारायणपुर, भूपौली और गंगा नदी के पंप कैनाल भी बंद पड़े हैं।

उन्होंने साधन सहकारी समितियों पर खाद की कमी और किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी किसानों के साथ आंदोलन करने को बाध्य होगी।

सपा सांसद ने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने पहुंचा है और प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Share this story