×

स्मार्ट मीटर से गंगा कटान तक... 6 बड़े मुद्दों पर सपा का हल्ला बोल, 19 जून को बिछियां में होगा बड़ा धरना

स्मार्ट मीटर से गंगा कटान तक... 6 बड़े मुद्दों पर सपा का हल्ला बोल, 19 जून को बिछियां में होगा बड़ा धरना

चंदौली। जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। सपा नेताओं ने 19 जून को बिछियां धरनास्थल पर बड़े धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है। इस संबंध में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने प्रशासन को औपचारिक रूप से सूचना भी सौंप दी है।

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि धरने के माध्यम से जिले की जनता से जुड़े छह प्रमुख मुद्दों को उठाया जाएगा। इनमें स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली बिल, गंगा कटान से प्रभावित गांवों की समस्या, किसानों के हित, नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग और जल जीवन मिशन के कर्मियों के शोषण जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता, किसान और संविदा कर्मचारी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रशासन और सरकार उनकी आवाज को गंभीरता से नहीं सुन रही है। इसी के विरोध में समाजवादी पार्टी जनआंदोलन के जरिए लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी।

मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि गंगा कटान से प्रभावित परिवारों को अब तक पर्याप्त राहत नहीं मिली है। वहीं किसानों को सिंचाई के लिए नहरों में समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है। स्मार्ट मीटर और बिजली बिल को लेकर भी लोगों में भारी नाराजगी है।

सपा नेताओं का कहना है कि 19 जून को आयोजित धरना केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनसमस्याओं को लेकर जनता की आवाज बुलंद करने का मंच होगा। उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों से धरने में शामिल होने की अपील भी की है।

Share this story