×

गंगा में मगरमच्छ दिखने से तटवर्ती गांवों में दहशत, मल्लाह समाज की बढ़ी चिंता

गंगा में मगरमच्छ दिखने से तटवर्ती गांवों में दहशत, मल्लाह समाज की बढ़ी चिंता

चंदौली। जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के कवलपुरा, सोनहुली और नगवा गांवों के सामने गंगा नदी में कई दिनों से मगरमच्छ दिखाई देने से तटवर्ती इलाकों में दहशत का माहौल है। सोमवार को कवलपुरा गांव स्थित राम-जानकी मंदिर के पास दोपहर में गंगा नदी में मगरमच्छ नजर आने के बाद घाट पर स्नान करने पहुंचे लोगों और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गंगा का बाढ़ का पानी उतरने के बाद नदी में मगरमच्छ दिखाई दे रहा है। इससे आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। सबसे अधिक परेशानी मल्लाह समाज के लोगों को हो रही है, क्योंकि मछली पकड़ना उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। मगरमच्छ की मौजूदगी के कारण नदी में उतरने और मछली पकड़ने के दौरान खतरे की आशंका बनी हुई है।

कवलपुरा स्थित राम-जानकी मंदिर के पास घाट पर स्थानीय लोग और श्रद्धालु नियमित रूप से स्नान करने पहुंचते हैं। ऐसे में घाट के आसपास मगरमच्छ दिखाई देने से लोगों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि मगरमच्छ घाट के नजदीक बना रहा तो स्नान करने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता है।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद वन विभाग के सतर्क होने की बात कही जा रही है। स्थानीय स्तर पर तटवर्ती गांवों के लोगों से सावधानी बरतने और गंगा नदी में उतरने से बचने की अपील की गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए नदी और घाट के आसपास विशेष सतर्कता बरतें।

Share this story