शहीद कुलदीप मौर्य के शहादत दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
धानापुर। चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र स्थित पूरा चेता दुबे गांव में अमर शहीद कुलदीप मौर्य के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों और बड़ी संख्या में लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा माहौल देशभक्ति और भावुकता से भरा रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद कुलदीप मौर्य की पत्नी ममता मौर्य ने तिरंगा झंडा फहराकर की। इसके बाद शौर्य सैनिक संगठन से जुड़े पूर्व सैनिकों ने शहीद को सलामी दी। शहीद कुलदीप मौर्य को श्रद्धांजलि देने के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी भूतपूर्व सैनिक पहुंचे।

श्रद्धांजलि सभा में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, राज्य मंत्री आरपी कुशवाहा, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव हरदेव कुशवाहा, किसान महासभा के श्रवण कुशवाहा, धानापुर के पूर्व प्रत्याशी अंबिका प्रजापति, कांग्रेस नेता सिराजुद्दीन भुट्टो व शाह आलम खान, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष राम व जिला उपाध्यक्ष राजन खान सहित सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव मौजूद रहे।

शहीदों के सम्मान में कमी नहीं आने देंगे : सुशील सिंह
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि शहीदों के मान-सम्मान में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों का सम्मान समाज और सरकार की जिम्मेदारी है।
2020 की घटना को याद कर भावुक हुए मनोज सिंह डब्लू
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू वर्ष 2020 की घटना को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि शहीद को सम्मान दिलाने के लिए उस समय धरना-प्रदर्शन करना पड़ा था। इसके बाद शहीद को राजकीय सम्मान दिलाया गया।
राज्य मंत्री आरपी कुशवाहा ने कहा कि जब तक धरती, सूरज और आसमान रहेंगे, तब तक देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को याद किया जाता रहेगा।

मुलायम सिंह यादव के योगदान को किया याद
सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने पूर्व रक्षा मंत्री और समाजवादी नेता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पहले शहीदों के परिवारों तक केवल बिल्ला और टोपी भेजने की परंपरा थी, लेकिन मुलायम सिंह यादव ने शहीदों के पार्थिव शरीर की अंतिम विदाई राजकीय सम्मान के साथ कराने की व्यवस्था को आगे बढ़ाया।
समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव हरदेव कुशवाहा ने कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर को शहीद कहा जाता है। उन्होंने कहा कि शहीदों के विचारों और आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
वहीं किसान महासभा के श्रवण कुशवाहा ने अपने संबोधन में राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि जो लोग आजादी के समय अंग्रेजों का समर्थन करते थे, वही आज राष्ट्रभक्ति की बात कर रहे हैं।
शहीदों के परिजनों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अमर शहीद कुलदीप फाउंडेशन की ओर से चंदौली सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने शहीद कुलदीप मौर्य के बलिदान को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की। समारोह का समापन शहीदों के सम्मान और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
