चन्दौली में सपा का प्रतिनिधि मंडल पहुंचा मृतक मुटुन यादव के घर, सत्ता, प्रशासन और अपराधियों के गठजोड़ से हुई है हत्या

चंदौली। चंदौली के धानापुर में बस संचालक मुटुन यादव हत्याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। इस प्रतिनिधि मंडल में लाल बिहारी यादव (नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद उत्तर प्रदेश), चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह, सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव और सपा राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह डब्लू प्रमुख रूप से शामिल थे।
प्रतिनिधि मंडल ने मुटुन यादव की हत्या की निंदा की और इस हत्याकांड के लिए बीजेपी सरकार और पुलिस प्रशासन को दोषी ठहराया। उन्होंने एक हफ्ते के अंदर गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो सपा बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रतिनिधि मंडल ने आरोप लगाया कि इस हत्या में बड़े माफियाओं की भूमिका है, जो भाजपा सरकार के पोषित हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल लखनऊ पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हत्याकांड की विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगा।
इस मुलाकात के दौरान मृतक मुटुन के भाई उदय नारायण यादव और ग्राम प्रधान भी मौजूद थे। प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिवार की बात सुनी और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
वहीं इस हत्याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी का आरोप है कि शासन, सत्ता और अपराधियों का गठजोड़ है। सपा ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि पुलिस अपराधियों के साथ साठगांठ कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक प्रतिनिधि मंडल बनाकर हम लोगों को यहां पर भेजा है। यहां हमे पता चला कि मुटुन यादव को पीएसी की एक बटालियन पहले से ही सुरक्षा के लिए दी गई थी लेकिन घटना से कुछ दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था हटा दी गई। जिसको लेकर मुटुन यादव ने अधिकारियों समेत मुख्यमंत्री तक पत्र दिया तथा अपनी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की, लेकिन कुछ दिन बाद उनकी हत्या कर दी गई। लाल बिहारी यादव ने कहा कि घटना के कुछ दिन पूर्व सुरक्षा व्यवस्था हटा देने का सीधा मतलब है कि प्रशासन का अपराधियों के साथ मिली भगत था। आगे उन्होंने कहा कि इसकी एक रिपोर्ट बनाकर हम लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी को सौंपेंगे।
चंदौली सांसद वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि 2024 के इलेक्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी के लोग अभी कोमा से बाहर नहीं आए है। अभी वह इस बात को स्वीकार नहीं कर रहे हैं कि यहां के सांसद प्रतिनिधि लोकसभा चुनाव हार चुके हैं। उन्हने कहा की जिस तरीके की उनकी कार्य शैली है और जिस तरीके से उत्तर प्रदेश की सरकार उत्पीड़न का काम कर रही है पीडीए के साथ, मुख्यमंत्री के इशारे पर उत्तर प्रदेश में चंदौली ही नहीं अन्य जनपदों में भी पीडीए से जुड़े हुए हमारे साथियों की हत्या हो रही है। उन पर उत्पीड़न की कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि लगातार 1 साल से जिस तरीके से पीडीए के साथियों की हत्या हुई और पुलिस जिस तरीके से उसकी विवेचना की लीपापोती की उससे जनता का विश्वास पुलिस प्रशासन और कानून व्यवस्था से उठता चला जा रहा है। इसके लिए मैंने प्रधानमंत्री जी को भी पत्र लिखकर यूपी में हस्तक्षेप करने की बात कही।
सपा विधायक प्रभु नारायण यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का एक प्रतिनिधिमंडल मृतक मुटुन यादव के परिवार से मिलने आया है। उन्होंने कहा कि सत्ता के जन प्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन और अपराधियों का एक गठजोड़ है और सभी ने मिलकर मुटुन यादव की हत्या कराई है। उन्होंने कहा कि मुटुन यादव के साथ सुरक्षा लगी थी और कुछ दिन पहले ही सुरक्षा हटा दी गई और उनकी हत्या हो गई। प्रभु नारायण यादव ने कहा कि हमने प्रशासन से मांग की है कि 10 दिन के अंदर अपराधियों को पकड़ा जाए और अगर ऐसा नहीं होता है तो राष्ट्रीय अध्यक्ष के आवाहन पर पूरे प्रदेश में सपा आंदोलन करेगी।
सपा प्रवक्ता मनोज सिंह काका में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने इस परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और इस घटना के प्रथम घंटे से लेकर के और अभी तक जब पूरा प्रतिनिधि मंडल यहां आपके समक्ष बैठा हुआ है हर एक विषय की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सिर्फ एक जाति वर्ग के लोगों का वर्चस्व है उनका प्रभुत्व है। उन्होंने अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि सारी हत्या करने वाले लोग मुख्यमंत्री के सजाती लोग हैं।
मृतक के भाई ग्राम प्रधान उदय नारायण यादव ने कहा कि सपा का प्रतिनिधि मंडल आया था हमने सारी बात उन्हें बता दी। उन्होंने कहा कि फोर्स हटाकर मेरे भाई की हत्या की गई है। मैं और मेरा भाई बहुत दिनों तक अधिकारियों के यहाँ चक्कर लगाए लेकिन उन्होंने फोर्स नही दिया और हमारे भाई की हत्या हो गयी। हत्या के बाद फोर्स दी गयी है।