धानापुर शहीद स्मारक कार्यक्रम से सपा नेताओं ने बनाई दूरी, प्रतिमाएं लगाने की मांग पर अड़े सांसद वीरेंद्र सिंह
चंदौली। धानापुर कस्बा स्थित शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित होने वाले शहादत दिवस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह, सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू शामिल नहीं होंगे। सपा नेताओं ने शहीद स्मारक समिति पर सत्ता पक्ष के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कार्यक्रम से दूरी बनाने का निर्णय लिया है।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि आजादी की लड़ाई में शहीद हुए सभी शहीदों की प्रतिमाएं शहीद स्मारक स्थल पर स्थापित की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए बजट उपलब्ध होने के बावजूद अन्य शहीदों की प्रतिमाएं नहीं लगाई जा रही हैं।
सांसद ने बताया कि शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए उनके प्रयास से 20 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कराया गया है। इसके बावजूद सभी शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित नहीं की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक आजादी की लड़ाई में शहीद हुए सभी शहीदों की प्रतिमाएं स्मारक स्थल पर नहीं लगाई जातीं, तब तक समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शहादत दिवस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने शहीद स्मारक समिति से सभी शहीदों को समान सम्मान देने और उनकी प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले प्रत्येक शहीद का सम्मान होना चाहिए और स्मारक स्थल पर सभी शहीदों को उचित स्थान मिलना चाहिए।
