×

धानापुर में महिला के बैग से 45 हजार रुपये और सोने की अंगूठी चोरी

धानापुर में महिला के बैग से 45 हजार रुपये और सोने की अंगूठी चोरी

चंदौली। धानापुर कस्बे में दिनदहाड़े एक महिला के बैग से 45 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना बौरहवा बाबा के पास स्थित अरविंद श्रृंगार एवं गिफ्ट कॉर्नर की दुकान पर हुई। पीड़िता ने थाना प्रभारी से शिकायत कर चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पपरौल गांव निवासी अनीता चौरसिया अपनी बेटी के छेका की तैयारी के लिए सोमवार को धानापुर कस्बे में खरीदारी करने आई थीं। वह अरविंद श्रृंगार एवं गिफ्ट कॉर्नर पर श्रृंगार का सामान खरीद रही थीं। इसी दौरान एक सामान दुकान पर उपलब्ध नहीं होने के कारण वह अपना बैग वहीं छोड़कर दूसरी दुकान पर चली गईं। कुछ देर बाद वापस लौटीं तो उनका बैग गायब मिला। आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैग चोरी कर लिया। बैग में 45 हजार रुपये और सोने की अंगूठी रखी हुई थी।

घटना के बाद महिला ने धानापुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की। धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरी करने वाले की पहचान की जा सके।

Share this story