×

रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या, प्लॉटिंग के लेन-देन में विवाद की आशंका

रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या, प्लॉटिंग के लेन-देन में विवाद की आशंका

चंदौली। जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेकनामपुर गांव निवासी रिटायर्ड फौजी की बिहार के रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार तड़के सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान राजेश यादव (52) के रूप में हुई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार राजेश यादव सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद बिहार में कुछ लोगों के साथ मिलकर प्लॉटिंग के व्यवसाय से जुड़े हुए थे। मंगलवार सुबह वह चेनारी प्रखंड में प्लॉटिंग से संबंधित कार्य के सिलसिले में गए थे, इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।

गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल राजेश यादव को उपचार के लिए जिला अस्पताल चंदौली लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

बताया गया कि राजेश यादव तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्लॉटिंग से जुड़े पैसों के लेन–देन का विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।

Share this story