×

चूहा-छछूंदर नियंत्रण अभियान शुरू, स्क्रब टाइफस व लेप्टोस्पाइरोसिस से बचाव के लिए कृषि विभाग की एडवायजरी जारी

Chandauli News, Scrub Typhus, Leptospirosis, Rat Control, Agriculture Department, Health Advisory, Communicable Disease, Vinod Kumar Yadav, Uttar Pradesh News, Hindi News

चंदौली। जनपद में स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पाइरोसिस जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए कृषि विभाग ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान-2026 के द्वितीय चरण के तहत चूहा एवं छछूंदर नियंत्रण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक जिलेभर में चलाया जाएगा।

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि अभियान के तहत जनपद की 605 ग्राम पंचायतों में जागरूकता गोष्ठियां, प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को चूहों व छछूंदरों से फैलने वाले संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चूहा और छछूंदर के माध्यम से स्क्रब टाइफस तथा लेप्टोस्पाइरोसिस जैसे जीवाणुजनित रोग फैलते हैं। इनसे होने वाला संक्रामक बुखार गंभीर और जानलेवा हो सकता है। ऐसे में समय पर जागरूकता और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

कृषि विभाग ने आमजन से अपील की है कि घरों और आसपास चूहों एवं छछूंदरों का जमाव न होने दें। चूहों को पकड़ने के लिए नियमित रूप से चूहादानी का उपयोग करें तथा उनके मल-मूत्र को तुरंत साफ करें, क्योंकि यही संक्रमण का प्रमुख स्रोत होता है। साथ ही घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें, जिससे चूहों और छछूंदरों को छिपने या बिल बनाने का अवसर न मिले।

कृषि विभाग ने लोगों से अपील की है कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में सक्रिय सहयोग करें और साफ-सफाई के साथ स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन कर स्वयं तथा परिवार को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखें।

Share this story