×

जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत पर सवाल, डबरिया के पैगा में कई परिवारों को नहीं मिला नल का पानी

जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत पर सवाल, डबरिया के पैगा में कई परिवारों को नहीं मिला नल का पानी

चंदौली (डबरिया)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के दावों के बीच डबरिया गांव के पैगा में जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने योजना के क्रियान्वयन में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा है कि एक ही गांव में कुछ परिवारों को नल से पानी मिल रहा है, जबकि कई परिवार आज भी पेयजल की सुविधा से वंचित हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में दो अलग-अलग बिरादरियों के परिवारों के बीच जलापूर्ति की व्यवस्था में असमानता बरती गई है। कुछ घरों में नल कनेक्शन और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है, जबकि दूसरे परिवारों के घरों तक अब तक यह सुविधा नहीं पहुंच सकी है। इसके चलते प्रभावित परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत पर सवाल, डबरिया के पैगा में कई परिवारों को नहीं मिला नल का पानी

इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने कई बार जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर शिकायत दर्ज कराकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया है। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि अब तक न तो समस्या का स्थायी समाधान हुआ और न ही मौके पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई दी है। लगातार शिकायतों के बाद भी सुनवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का सवाल है कि जब जल जीवन मिशन का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, तो एक ही गांव में कुछ परिवारों को इसका लाभ मिलना और दूसरे परिवारों का इससे वंचित रहना आखिर किस वजह से है?

जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत पर सवाल, डबरिया के पैगा में कई परिवारों को नहीं मिला नल का पानी

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जलापूर्ति व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करने और छूटे हुए पात्र परिवारों को जल्द से जल्द नल कनेक्शन एवं नियमित पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि विभागीय अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाते हैं।

Share this story