चन्दौली में निःशुल्क स्वास्थ्य मेले की तैयारी तेज, बाबा कीनाराम मंदिर परिसर में होगा आयोजन
चन्दौली। क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन की ओर से 6 दिसंबर 2026, रविवार को बाबा कीनाराम मंदिर परिसर, रामगढ़, चहनियां में वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल आयोजन को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया।

स्वास्थ्य मेले का आयोजन आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी एवं मेटिस द मेडिसिटी हॉस्पिटल, चन्दौली के सहयोग से किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता, मरीजों के पंजीकरण, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य जरूरी इंतजामों की रूपरेखा तैयार की गई। आयोजकों ने निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें सुगमतापूर्वक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला भी मौजूद रहे। उन्होंने स्वास्थ्य मेले की तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाने की अपील की है। फाउंडेशन का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं उपचार उपलब्ध हो सकें तथा कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य मेले का विवरण
दिनांक: 6 दिसंबर 2026, रविवार
समय: सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक
स्थान: बाबा कीनाराम मंदिर परिसर, रामगढ़, चहनियां, जनपद चन्दौली
त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन ने कहा कि जनसेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
