चंदौली में विवाद के बीच सड़क पर गिरी प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल, बेटे ने लहराकर दी धमकी! वीडियो वायरल
चंदौली। जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब वर्तमान ग्राम प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल उनकी धोती से निकलकर सड़क पर गिर गई। आरोप है कि प्रधान के बेटे ने पिस्टल उठाकर दूसरे पक्ष को धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, गांव में वर्तमान प्रधान और प्रधान पद की तैयारी कर रहे दूसरे पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान वर्तमान प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल उनकी धोती से निकलकर सड़क पर गिर गई।
आरोप है कि प्रधान के बेटे ने सड़क पर पड़ी पिस्टल उठाई और दूसरे पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकाने लगा। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद बलुआ थाना पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को लाइसेंसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद पिस्टल वर्तमान ग्राम प्रधान के नाम लाइसेंसी है। झगड़े के दौरान वह उनकी धोती से निकलकर सड़क पर गिर गई थी। आरोप है कि उनके बेटे ने उसे उठाकर दूसरे पक्ष को धमकाया। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
