धानापुर ब्लॉक में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चंदौली, धानापुर। चंदौली जिले के धानापुर ब्लॉक परिसर में विधान परिषद वाराणसी खंड-स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
धानापुर ब्लॉक परिसर में मतदान के लिए कुल पांच बूथ बनाए गए हैं। इनमें चार बूथ स्नातक एमएलसी चुनाव और एक बूथ शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए निर्धारित है। यहां स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 1,980 मतदाता, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 386 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बूथों पर पहुंचने वाले मतदाताओं के पहचान पत्रों की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं, मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने और चुनाव को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रत्याशियों के एजेंट भी बूथों पर मौजूद हैं।
विधान परिषद वाराणसी खंड-स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कुल 34 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 24 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान को लेकर प्रशासन सतर्क है और केंद्र पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।
