सपा नेताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर गरमाई सियासत, निष्पक्ष जांच की मांग
चंदौली। समाजवादी पार्टी नेताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर जिले की सियासत तेज हो गई है। सपा अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद रामकिशुन यादव के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पुलिस ने मनगढ़ंत तथ्यों के आधार पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि 19 जून को स्मार्ट मीटर, महंगाई और जनसमस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। उनका आरोप है कि सीओ सदर के कथित अभद्र व्यवहार के बाद स्थिति तनावपूर्ण हुई और झड़प की नौबत आई।
गौरतलब है कि पुलिस ने झड़प के मामले में 9 नामजद तथा करीब 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं जिलाधिकारी ने सपा प्रतिनिधिमंडल को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है। इस घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
