चंदौली में गोवंश तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 11 गोवंश बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग और रात्रि गश्त के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से कुल 11 गोवंश बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे वाहन का चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। पहली कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर धरौली चौकी के पास नवही रोड पर पिकअप वाहन संख्या UP65QT8715 की जांच की गई। वाहन से चार गोवंश बरामद किए गए। इस मामले में लुकमान अली और रामबाबू को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मिर्जापुर जिले के चुनार कोतवाली क्षेत्र के मगरहा गांव के निवासी बताए गए हैं।
इस संबंध में थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 308/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में रात्रि गश्त और चेकिंग के दौरान नौबतपुर तिराहे के पास पुलिस टीम को एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग देखकर चालक ने वाहन को कुछ दूरी पहले ही खड़ा कर दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन संख्या UP65JT5203 की तलाशी ली तो उसमें सात गोवंश बरामद हुए।
दूसरी बरामदगी के संबंध में थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 309/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया है। फरार चालक की तलाश सहित मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की पहली टीम में उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह, कांस्टेबल पंकज कुमार और कांस्टेबल गुलशन कुमार शामिल रहे। दूसरी टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, मुख्य आरक्षी कमलेश कुमार राय और मुख्य आरक्षी रंजय कुमार सिंह शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि गोवंशों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
