चंदौली में पुलिस मुठभेड़! ज्वेलर्स लूटकांड का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
चंदौली। जनपद के चकिया थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स शॉप में लूट की कोशिश करने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम बसाढ़ी गांव स्थित गोलू ज्वेलर्स पर तीन युवक बाइक से पहुंचे। एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में चांदी की सिकड़ी देखने लगा, जबकि दूसरे ने गमछे से चेहरा ढक रखा था। इसी दौरान आरोपियों ने दुकान का शटर गिराकर संचालिका पूजा देवी से लाकर की चाबी छीनने का प्रयास किया। बदमाशों ने कैश बॉक्स से नकदी निकाल ली और विरोध करने पर मारपीट भी की।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग और पास के बैंक में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दो बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से चांदी की सिकड़ी, नकदी, अवैध असलहा और बाइक बरामद हुई।
असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार यादव ने बताया कि वारदात से पहले उसने अपना अवैध असलहा अलग स्थान पर छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम राजकीय हाईस्कूल बनारसिया के पीछे पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने छिपाए गए असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मनीष यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
बिहार भागने की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले से ज्वेलर्स दुकानों की रेकी कर रहे थे और वारदात के बाद बिहार भागने की तैयारी में थे। लेकिन महिला के शोर मचाने और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनकी योजना विफल हो गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार यादव निवासी गोडसर थाना रामगढ़ जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
