महिलाओं पर कमेन्ट करना पड़ा भारी, मनचले को पुलिस ने किया गिरफ्तार
चंदौली। सकलडीहा क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस का सख्त रुख देखने को मिला है। चंदौली पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए महिलाओं और बालिकाओं पर अश्लील टिप्पणी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले भर में महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मनचलों और शोहदों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में, थाना सकलडीहा प्रभारी भूपेन्द्र कुमार निषाद की टीम ने 30 मार्च 2026 को सकलडीहा इंटर कॉलेज के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक की पहचान विवेक कुमार (22 वर्ष), पुत्र नरेश राम, निवासी बलुआ सराय थाना बलुआ जनपद चंदौली के रूप में हुई है। वह राह चलती महिलाओं और छात्राओं को देखकर अश्लील गाने गाता था और अभद्र टिप्पणियां करता था, जिससे इलाके में असुरक्षा का माहौल बन रहा था।
इस मामले में थाना सकलडीहा में मु0अ0सं0- 64/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक कौशलेश कुमार मिश्रा, महिला कांस्टेबल नेहा और शैलकुमारी की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
