सब्जी की खेती में हाथ बंटाते हुए पवन ने हासिल की बड़ी सफलता, यूपी पुलिस में बने सब इंस्पेक्टर
चंदौली। जनपद के धानापुर विकासखंड स्थित प्रहलादपुर गांव के पवन मौर्य ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) पद पर हुआ है। पवन की इस सफलता से परिवार के साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह मिंटू के नेतृत्व में उनके आवास पर पहुंचकर माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
पवन मौर्य किसान अवधेश मौर्य के पुत्र और पहलवान मौर्य के भतीजे हैं। उनका परिवार संयुक्त रूप से रहता है। परिवार के सभी सदस्य सब्जी की खेती से जुड़े हैं। पवन भी पढ़ाई के साथ खेती-किसानी में परिवार का हाथ बंटाते थे। खेतों में काम करने के बाद जब भी समय मिलता, वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट जाते थे। खेती और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाते हुए उन्होंने यह सफलता हासिल की।
ग्रामीणों के अनुसार, पवन मौर्य प्रहलादपुर गांव के पहले ऐसे युवक हैं, जिनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि को गांव के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह मिंटू ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई है। पवन ने बिना किसी आर्थिक लेन-देन के अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता गांव के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि लगन और ईमानदार प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
पवन की सफलता पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
