चहनियां लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार
चंदौली। जनपद चंदौली की बलुआ थाना पुलिस ने चहनियां बाजार में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से दबोच लिया गया। इस दौरान पुलिस टीम पर की गई फायरिंग में एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार 3 जून को चहनियां बाजार में गोविंद मिश्रा नामक युवक से पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर वीवो मोबाइल फोन और 3200 रुपये नकद लूट लिए थे।
पीड़ित की तहरीर पर बलुआ थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर ली। रविवार तड़के बलुआ पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। कुछ दूरी पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू निवासी अटौली, थाना धानापुर के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी आकाश कुमार निवासी महुअर, थाना बलुआ को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, 2500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता में थाना बलुआ के प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
