चंदौली में सावन के पहले सोमवार पर उमड़ी आस्था, नरौली गंगा घाट से जल लेकर विश्वेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे कांवरिये
चंदौली। सावन के पहले सोमवार पर जनपद के गंगा घाटों पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। धानापुर क्षेत्र स्थित नरौली गंगा घाट पर तड़के से ही बड़ी संख्या में कांवरिये गंगा स्नान और जल भरने के लिए पहुंचने लगे। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के नेतृत्व में कांवरियों का एक जत्था नरौली गंगा घाट पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गंगा स्नान कर पवित्र जल भरा।
इसके बाद सभी कांवरिये धानापुर कस्बे के विजय दशमी पोखरा परिसर स्थित नवनिर्मित विश्वेश्वर महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान शिव भजनों और बोल बम के नारों से माहौल पूरी तरह शिवमय बना रहा।

ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की उपासना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। उन्होंने कहा कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सेवा की भावना को भी मजबूत करती है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की।विश्वेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार, समाज तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

सावन के पहले सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में शिवभक्तों की सहभागिता देखने को मिली।
