चंदौली में सावन के पहले दिन गूंजा 'बोल बम', नरौली गंगा घाट से हजारों कांवरियों ने भरा जल
चंदौली। सावन माह के पहले दिन चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र स्थित नरौली गंगा घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों शिवभक्तों और कांवरियों ने गंगा स्नान कर पवित्र जल भरा और भगवान शिव के जयघोष के बीच जल लेकर धानापुर कस्बा स्थित विजय दशमी पोखरा प्रांगण के नवनिर्मित विश्वेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से जलाभिषेक किया गया।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के नेतृत्व में कांवरियों का एक बड़ा जत्था यात्रा में शामिल हुआ। पूरे मार्ग पर "बोल बम", "हर-हर महादेव" और "बोल बम का नारा है, बाबा ही सहारा है" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की आराधना से मन को शांति, आत्मिक बल और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सेवा भाव को भी मजबूत करती है।

विश्वेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा में भाग लेकर सावन के पहले दिन को भक्ति और उत्साह के साथ मनाया।
