×

चंदौली में 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से निपटेंगे कई तरह के विवाद

चंदौली में 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से निपटेंगे कई तरह के विवाद

चंदौली। जनपद में लंबित मुकदमों के त्वरित निस्तारण और आमजन को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नवंबर और दिसंबर माह में विशेष लोक अदालतों के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में 21 नवंबर 2026 को परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट), 1881 की धारा 138 के अंतर्गत लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। वहीं, 28 नवंबर 2026 को वाहन चालान से संबंधित लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन होगा।

इस संबंध में पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली निकिता गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन वाद, सिविल वाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रतिकर वाद, भरण-पोषण संबंधी मामले, चेक बाउंस एवं मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े वाद, शमनीय दांडिक मामले, राजस्व व चकबंदी वाद, बैंक रिकवरी, श्रम एवं बीमा संबंधी मामले शामिल होंगे।

इसके अलावा बिजली और टेलीफोन से संबंधित विवाद, जलकर निर्धारण तथा नगर पालिका कर निर्धारण के विरुद्ध अपील सहित अन्य उपयुक्त मामलों का भी आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से इन लोक अदालतों के माध्यम से अधिक से अधिक लंबित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे वादकारियों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलने के साथ ही समय और धन की बचत भी होगी।

Share this story