Chandauli News: गंगा घाट पर बिना लाइफ जैकेट दौड़ रहीं नावें, यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे
चंदौली। धानापुर क्षेत्र के नगवा-चौचकपुर गंगा घाट पर नाव संचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। घाट पर यात्रियों को बिना लाइफ जैकेट के ही नावों से गंगा पार कराया जा रहा है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, प्लाटून पुल बंद होने के बाद लोगों की आवाजाही के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से निःशुल्क नाव सेवा संचालित की जा रही है। हालांकि, नावों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अनिवार्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि नावों में लाइफ जैकेट की व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और अन्य यात्री इस घाट से आवाजाही करते हैं। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। गंगा में पूर्व में हुई नाव दुर्घटनाओं को देखते हुए भी जिम्मेदार विभाग सतर्क नजर नहीं आ रहे हैं।

घाट पर नाव संचालन से जुड़े दो दर्जन से अधिक नाविकों की आजीविका इसी व्यवस्था पर निर्भर है। बावजूद इसके सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।
इस मामले में लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर रामकुमार चौहान ने कहा कि बिना सुरक्षा मानकों के नाव संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि जब सुरक्षा नियम पहले से तय हैं, तो फिर गंगा घाट पर उनका पालन क्यों नहीं हो रहा? यह स्थिति यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
