चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह समेत सहकारिता विभाग के अधिकारी, बी-पैक्स के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सचिव तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को कृषि और कृषि आधारित गतिविधियों के लिए दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। पात्र किसानों को छह लाख रुपये तक का ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर दिए जाने की व्यवस्था है। समय से ऋण की किस्त जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा।
योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। अगले पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है।

कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित यह सहकारी मॉडल पर आधारित डिजिटल राइड हेलिंग प्लेटफॉर्म है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों ने बी-पैक्स पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र किसानों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
