×

विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी पहुंचे चंदौली, कार्यकर्ताओं में भरा जोश

विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी पहुंचे चंदौली, कार्यकर्ताओं में भरा जोश
 

चंदौली। मुकेश साहनी बुधवार को जनपद चंदौली पहुंचे, जहां मुगलसराय स्थित एक होटल में उन्होंने विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की, वही यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद पर जमकर हमला बोला। 

बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुकेश साहनी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। खासतौर पर उन्होंने संजय निषाद को निशाने पर लेते हुए कहा कि निषाद समाज ने संघर्ष के दिनों में उनके साथ मजबूती से खड़ा होकर उन्हें राजनीति में आगे बढ़ाया, जिसकी बदौलत आज वह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री बने हैं।

उन्होंने कहा, जब डॉ. संजय निषाद मंत्री नहीं थे, तब उनके अंदर 440 वोल्ट की ताकत दिखाई देती थी, लेकिन मंत्री बनने के बाद उनसे 840 वोल्ट की ताकत की उम्मीद थी। दुर्भाग्यवश अब वह सरकार में रहकर सिर्फ सत्ता की मलाई खा रहे हैं।

मुकेश साहनी ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि अगले छह महीने में संजय निषाद निषाद समाज को आरक्षण दिलाने में सफल होते हैं, तो विकासशील इंसान पार्टी उनका पूरा समर्थन करेगी। लेकिन यदि ऐसा नहीं होता, तो निषाद समाज उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।

उन्होंने आगे कहा कि यदि संजय निषाद उनके साथ आते हैं तो वह अखिलेश यादव के साथ उनका गठबंधन कराने का प्रयास करेंगे और उन्हें पीडीए का हिस्सा बनाएंगे। अन्यथा विकासशील इंसान पार्टी पूरे प्रदेश और देश में विपक्षी दलों के साथ मिलकर सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी तथा 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए अभियान चलाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए मुकेश साहनी ने कहा कि चुनाव के दौरान पेट्रोल, डीजल और खाद्य तेल जैसी जरूरी वस्तुओं की कोई कमी नहीं थी, लेकिन चुनाव खत्म होते ही महंगाई और आपूर्ति की समस्या बढ़ने लगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री के काफिले पर भी टिप्पणी करते हुए कहा, “जब प्रधानमंत्री खुद देशवासियों से सादगी और बचत की अपील करते हैं, तो उन्हें खुद भी उसका पालन करना चाहिए। उनके काफिले में सैकड़ों गाड़ियां दौड़ती हैं, ऐसे में आम जनता उनकी अपील को कितनी गंभीरता से लेगी?”

मुकेश साहनी के इस दौरे से चंदौली में पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस दौरे से पूर्वांचल में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और आने वाले चुनावों में इसका असर दिखाई देगा।

Share this story