×

मुगलसराय को मिलेगी नई तहसील, महेवा में प्रस्तावित भवन की भूमि का विधायक रमेश जायसवाल ने किया निरीक्षण

Mughalsarai Tehsil Building, Ramesh Jaiswal, Maheva Gram Sabha, New Tehsil Building, Chandauli News, Land Inspection, Tehsil Construction Project, BJP MLA
 

चंदौली। मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा महेवा में प्रस्तावित नए तहसील भवन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए विधायक रमेश जायसवाल ने राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि नए तहसील भवन की मांग स्थानीय जनता और अधिवक्ताओं द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखा। उनके प्रयासों के बाद ग्राम सभा महेवा में लगभग एक हेक्टेयर भूमि को तहसील भवन निर्माण के लिए अंतिम रूप दिया गया है।

मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा महेवा में प्रस्तावित नए तहसील भवन के निर्माण को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। विधायक रमेश जायसवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भूमि का निरीक्षण कर निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी। जानिए कितनी लागत से बनेगा नया तहसील भवन और कब शुरू होगा निर्माण कार्य।
 

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भूमि का अधिकांश हिस्सा सरकारी है, जबकि शेष भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण के लिए सरकार द्वारा लगभग ढाई करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। वहीं भवन निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है।

विधायक के अनुसार नया तहसील भवन ग्राउंड फ्लोर एवं प्रथम तल सहित आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिसकी कुल अनुमानित लागत 12 करोड़ 50 लाख रुपये निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। 

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि उनके कार्यकाल में कई ऐसे विकास कार्य हुए हैं, जिनकी कल्पना पहले नहीं की गई थी। उन्होंने कहा कि जिला गठन के बाद से नए तहसील भवन की मांग लगातार उठती रही, लेकिन इस दिशा में प्रभावी पहल नहीं हो सकी थी। अब यह सपना साकार होने की ओर बढ़ रहा है। 

मौके पर एडीएम, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष गंगाराम साहनी, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह, धीरज रिंटू सिंह, दिनेश गुप्ता, राजू प्रधान, महेंद्र प्रधान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। 

Share this story