चंदौली में बंदरों का बढ़ता आतंक, रेलवे ओवरब्रिज पर महिला से सामान छीना
चंदौली। कस्बा चौकी के समीप रेलवे ओवरब्रिज के आसपास बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदरों के हमलों और उत्पात से राहगीरों, दुकानदारों, ठेला संचालकों तथा स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक महिला रेलवे ओवरब्रिज से होकर गुजर रही थी। इसी दौरान एक बंदर अचानक उसके पास पहुंचा और हाथ में रखा सामान छीनकर भाग गया। बंदर ने सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से महिला घबरा गई, जबकि पीछे आ रहे अन्य राहगीर भी बंदर के डर से कुछ समय के लिए रुक गए। मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बंदर अक्सर दुकानों और ठेलों पर रखे खाद्य पदार्थ उठा ले जाते हैं। कई बार राह चलते लोगों के हाथों से सामान छीन लेने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में बंदरों का भय बढ़ता जा रहा है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार वन विभाग को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि बंदरों को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वन विभाग इस समस्या के समाधान के लिए कब तक प्रभावी कदम उठाता है।
