विधायक सुशील सिंह के करीबी सुनील सिंह का हृदयगति रुकने से निधन, गंगा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

चंदौली। सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह के अत्यंत करीबी और वर्षों से उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने वाले सुनील सिंह का सोमवार को अचानक निधन हो गया। सावन के पहले सोमवार को वे विधायक सुशील सिंह के साथ कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव मंदिर दर्शन को गए थे, जहां अचानक उनकी हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया।
करीब 20 वर्षों से विधायक सुशील सिंह के विश्वस्त सहयोगी रहे सुनील सिंह, उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के केराकत थाना क्षेत्र निवासी थे। वे हमेशा विधायक के साथ साए की तरह उपस्थित रहते थे, चाहे राजनीतिक मंच हो या प्रशासनिक बैठक। हाल ही में चंदौली डीएम ऑफिस में दिशा मीटिंग के दौरान भी उनका तेज़ तेवर देखा गया था, जिससे उनके आत्मविश्वास और सक्रिय भूमिका का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।
उनके असामयिक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। समर्थकों और चाहने वालों ने उनकी मृत्यु को राजनीतिक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। अंतिम संस्कार सैदपुर गंगा घाट पर विधिपूर्वक संपन्न किया गया।
सुनील सिंह के निधन से न सिर्फ विधायक सुशील सिंह बल्कि पूरे संगठन और उनके जानने वालों में गहरा दुःख और अचंभा है। लोग उन्हें एक निष्ठावान और निडर कार्यकर्ता के रूप में याद कर रहे हैं।