मुख्यमंत्री से मिले विधायक रमेश जायसवाल, नमो घाट घटना में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की उठाई मांग
विधायक ने मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने का अनुरोध भी किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने नियामताबाद में निर्माणाधीन राजकीय महिला इंटर कॉलेज का निर्माण शीघ्र पूरा कराकर पठन-पाठन शुरू कराने की मांग की।
इसके अलावा दीनदयाल नगर (मुगलसराय) में स्थायी सब्जी मंडी निर्माण, क्षेत्र में मिनी स्टेडियम की स्थापना, बबुरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को तत्काल शुरू कराने तथा पंडित कमलापति त्रिपाठी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चंदौली में उच्च शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग भी उठाई।
विधायक ने वाराणसी में जायसवाल समाज के कुल देवता भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जी महाराज की प्रतिमा स्थापित किए जाने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
इस दौरान विधायक रमेश जायसवाल के साथ जायसवाल क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जायसवाल एवं देव जायसवाल भी उपस्थित रहे। विधायक द्वारा क्षेत्रीय विकास और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए उठाए गए मुद्दों की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
